चार घंटे तक चली जिलेव्यापी कार्रवाई, 65 अभियुक्त न्यायिक हिरासत में भेजे गए
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर औरंगाबाद जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष समकालीन अभियान (एस-ड्राइव) चलाया गया। जिलेभर में एसडीपीओ के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई छापेमारी के दौरान 93 वारंटी एवं फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 65 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान का उद्देश्य लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों और विभिन्न आपराधिक मामलों के आरोपितों की गिरफ्तारी कर जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना था।
अभियान के दौरान हत्या के प्रयास के 12, मद्यनिषेध अधिनियम के 10, पॉक्सो एक्ट के एक तथा एससी-एसटी एक्ट के एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अन्य मामलों में 69 आरोपितों को भी पुलिस ने दबोचा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, एक ट्रैक्टर, 100 लीटर बालू, 600 रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया। वहीं 133 लीटर देशी शराब जब्त की गई और 51 वारंटों का निष्पादन किया गया। वाहन जांच अभियान के तहत 33,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। आम लोगों से अपराध नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।