बच्चों का हाल जानने पूर्व सांसद पहुंचे सदर अस्पताल
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के अंबा-नवीनगर मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। संत जेवियर हाई स्कूल, अंबा की बच्चों को लेकर जा रही एक मैजिक वैन तमसी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरी नहर में गिर गई। हादसे में 13 स्कूली बच्चे घायल हो गए, जिनमें तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल वैन सुबह कुटुंबा, लखना, महुआ धाम और मीरपुर गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। तमसी मोड़ के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद मैजिक वैन सड़क से नीचे नहर में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर कुटुंबा रेफरल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घायलों में मीरपुर निवासी साक्षी कुमारी (11), कुटुंबा बाजार निवासी साक्षी कुमारी (12), आदित्य राज (12), सिकरिया निवासी आरबी प्रताप (5), कुटुंबा निवासी अमी कुमारी (12), लकी राज सैनिक (12), मीरपुर निवासी कुमार सुगंध आर्यन (8), सृष्टि कुमारी (5), हर्ष कुमार (12), महुआ धाम निवासी आयुष कुमार (10), अक्षय कुमार (7), मिर्जापुर निवासी वैभव गौरव (6), मौली कुमारी (7), आबिद राजा (13) और अमित कुमार (7) शामिल हैं। इनमें आरबी प्रताप, हर्ष कुमार और मौली कुमारी की हालत गंभीर बताई गई है।
हादसे के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बच्चों के परिवहन के लिए पुराने और जर्जर वाहनों का इस्तेमाल किया जाता है तथा निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को एक ही वाहन में बैठाया जाता है। उनका आरोप है कि पहले भी स्कूल वाहनों से जुड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से स्कूल प्रबंधन और फरार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।