छापेमारी कर लौट रही टीम पर पथराव और लाठी-भाला से हमला, तीन तस्कर गिरफ्तार, 26 नामजद पर केस
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। लहसुना थाना क्षेत्र में शराब तस्करों के बढ़ते दुस्साहस का एक गंभीर मामला सामने आया है। बुधवार को शराब के खिलाफ छापेमारी कर लौट रही पुलिस टीम पर बांसडीह मुसहरी के पास कथित शराब तस्करों ने हमला कर दिया। इस हमले में एक सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

लहसुना थानाध्यक्ष विक्रम कुमार ने बताया कि पुलिस टीम कराय गांव में शराब के खिलाफ छापेमारी कर लौट रही थी। इसी दौरान बांसडीह मुसहरी के पास पहले से मौजूद तस्करों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद लाठी और भाला लेकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
हमले में सब इंस्पेक्टर सुदर्शन कुमार के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि महिला सिपाही प्रीति कुमारी, पल्लवी कुमारी और खुशी कुमारी भी घायल हो गईं। सभी घायलों का इलाज मसौढ़ी अनुमंडलीय अस्पताल में कराया जा रहा है। वाहन चालक किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस बल को देखते ही बांसडीह मुसहरी में अफरातफरी मच गई और कई लोग घर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूरा मांझी, करीबन मांझी (पिता- शतरंजन मांझी) तथा छोटे मांझी (पिता- सुरेश मांझी), सभी निवासी बांसडीह मुसहरी, के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में 26 नामजद एवं अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घरों में घुसकर मारपीट की। पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस के अनुसार फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।