ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के पौथू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार दो छात्राओं की मौत हो गई। दोनों छात्राएं रिश्ते में चचेरी बहन थीं। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ओबरा–पौथू मार्ग को जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
घटना पौथू थाना क्षेत्र के भतारी मोड़ गांव के समीप हुई। मृत छात्राओं की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के नरौला गांव निवासी मोहम्मद रियाजुद्दीन की 15 वर्षीय पुत्री अफसरी तथा रुस्तम अली की 15 वर्षीय पुत्री आशिया के रूप में हुई है। दोनों छात्राएं साइकिल से कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो साइकिल से जा रही दोनों छात्राओं को कुचलते हुए निकल गई। हादसा इतना भीषण था कि अफसरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आशिया ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने भतारी मोड़ के समीप ओबरा–पौथू मार्ग को जाम कर दिया और दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा तथा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के स्थायी इंतजाम की मांग की। सड़क जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। औरंगाबाद सदर एसडीपीओ-2 आदित्य कुमार ने बताया कि आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों से वार्ता की जा रही है तथा स्थिति को सामान्य करने का प्रयास जारी है। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को पुलिस ने जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।