नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, पूर्वी क्षेत्र पारेषण प्रणाली-1 की ओर से रांची के खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव स्टेडियम में तीन दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में पावरग्रिड के देशभर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीमें उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि पावरग्रिड पूर्वी क्षेत्र-1 के मुख्य महाप्रबंधक (प्रभारी) नितिन कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर पावरग्रिड के कई वरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री श्रीवास्तव ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन, उत्कृष्ट खेल भावना और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है। ऐसे आयोजनों से कर्मचारियों में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार होता है।

तीन दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पावरग्रिड कर्मी बैडमिंटन में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों, अधिकारियों और आयोजन से जुड़े कर्मियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।