पूर्व सांसद रमेश प्रसाद सिंह की 107वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। रमेश प्रसाद सिंह मेमोरियल ट्रस्ट, औरंगाबाद के तत्वावधान में शुक्रवार को पूर्व सांसद एवं वरीय अधिवक्ता स्वर्गीय रमेश प्रसाद सिंह की 107वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष कन्हैयालाल जैन ने की, जबकि संचालन संयुक्त सचिव अरुण कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत औरंगाबाद स्थित रमेश चौक पर स्थापित स्वर्गीय रमेश प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज, शिक्षा, न्याय और राजनीति के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

रेडक्रॉस के चेयरमैन सतीश कुमार सिंह ने उन्हें बहुमुखी प्रतिभा का धनी बताते हुए रमेश चौक स्थित प्रतिमा स्थल के और अधिक सौंदर्यीकरण की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं नगर परिषद के चेयरमैन उदय प्रसाद गुप्ता ने कहा कि नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा मिले, इसके लिए उनकी जीवनी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए।
जिला विधिज्ञ संघ, औरंगाबाद के पूर्व अध्यक्ष रसिक बिहारी सिंह ने कहा कि वरीय अधिवक्ता रमेश प्रसाद सिंह गरीब एवं जरूरतमंद मुवक्किलों के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे और युवा अधिवक्ताओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में रमेश प्रसाद सिंह का योगदान अविस्मरणीय है। वे जिले के कई शिक्षण संस्थानों से जुड़े रहे और औरंगाबाद में शिक्षा की अलख जगाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ट्रस्ट अध्यक्ष कन्हैयालाल जैन ने बताया कि ट्रस्ट के सचिव प्रमोद कुमार सिंह के इस वर्ष हुए निधन से संस्था को अपूरणीय क्षति हुई है। उनकी स्मृति को नमन करते हुए सर्वसम्मति से साकेत कुमार को ट्रस्ट का नया सचिव नियुक्त किया गया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि ट्रस्ट की ओर से गौमाता के चारे की व्यवस्था के लिए 11 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
नवनियुक्त सचिव साकेत कुमार ने कहा कि ट्रस्ट पूर्व की भांति समाजसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा। अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही ने कहा कि आज रमेश चौक को विशेष रूप से सजाया गया था और बहुआरा (बारूण) की धरती का नाम रोशन करने वाले रमेश प्रसाद सिंह पर युवा अधिवक्ताओं को गर्व है।
महावीर जैन ने कहा कि औरंगाबाद के हृदयस्थल रमेश चौक पर स्थापित उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनी रहेगी।
इस अवसर पर विशाल जैन, अमित कुमार चम्पक, शिवनारायण सिंह, गुप्तेश्वर सिंह, मदन प्रसाद, जय किशोर सिंह, प्रो. अशोक कुमार सिंह, कुंदन कुमार माथुर, प्रो. विनोद कुमार सिंह, कृष्ण कुमार पिंटू, रामजी प्रसाद, प्रो. रविन्द्र सिन्हा, मिथलेश कुमार, विपीन सिन्हा, विजय प्रसाद, ज्ञानेश्वर सिंह, जितेन्द्र कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।