नीरा, चाट और मिट्टी के बर्तनों की खूब हुई बिक्री, अधिकारियों ने सराहा महिलाओं का आत्मनिर्भरता मॉडल
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। भगवानगंज पंचायत भवन में गुरुवार को आयोजित ‘सहयोग सह जन कल्याण शिविर’ में जीविका की लखपति दीदियों ने अपनी प्रतिभा और उद्यमशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल पूरे शिविर में आकर्षण का केंद्र बने रहे, जहां नीरा, चाउमीन, चाट और मिट्टी के बर्तनों की प्रदर्शनी एवं बिक्री ने लोगों का ध्यान खींचा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने किया। इस दौरान जीविकोपार्जन विशेषज्ञ यूसुफ सिद्दीकी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने जीविका दीदियों के स्टॉल पर पहुंचकर उत्पादों का अवलोकन किया और नीरा तथा चाउमीन का स्वाद लेकर उनकी गुणवत्ता की सराहना की।
कार्यक्रम में बीडीओ प्रभाकर कुमार, अंचलाधिकारी, प्रखंड परियोजना प्रबंधक दिग्विजय नारायण समदर्शी, पंचायत मुखिया एवं अन्य अधिकारियों ने महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए इसे ग्रामीण आर्थिक सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
बीडीओ प्रभाकर कुमार ने कहा कि जीविका दीदियां अपने परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि समाज की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दे रही हैं।
शिविर में सामुदायिक समन्वयक आशा कुमारी, सीएफ गौतम, राजूपाल, नीरज, रंजीत कुमार सहित अन्य जीविका कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी मार्गदर्शन किया गया। शिविर ने जहां ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया, वहीं जीविका की लखपति दीदियों ने अपने उत्पादों और आत्मनिर्भरता की मिसाल से सभी का ध्यान आकर्षित किया।