नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कौआकोल (नवादा)। थाना क्षेत्र के कोनी पर मोहल्ला में सोमवार की रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 21 वर्षीय नवविवाहिता ने कथित रूप से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, तीन माह की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतका की पहचान कोनी पर मोहल्ला निवासी अर्जुन राम एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका बच्ची कुमारी के छोटे पुत्र कुंदन कुमार की पत्नी सोनी कुमारी (21 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि देर रात सोनी कुमारी अपनी तीन माह की पुत्री को सोई हुई अवस्था में पति के पास छोड़कर दूसरे कमरे में चली गईं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान कमरे में उनका शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, सोनी कुमारी का मायका शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के कुठौत (प्यारेपुर) गांव में था। वह गौतम राम की पुत्री थीं। उनकी शादी 25 मई 2025 को कुंदन कुमार के साथ हुई थी। शादी के लगभग एक वर्ष बाद उनके घर तीन माह पूर्व पुत्री का जन्म हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही कौआकोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दे दी गई है। उनके आने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रारंभिक जांच के तहत पूछताछ के लिए मृतका के पति को हिरासत में लिए जाने की सूचना है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक, सामाजिक और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल की जांच तथा परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवविवाहिता की असमय मौत और तीन माह की मासूम बच्ची का मां से बिछड़ जाना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार की अफवाह या अटकलों पर विश्वास न करें।