नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज महिला एवं बाल विकास निगम, औरंगाबाद अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) द्वारा मदनपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय आजन में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजनांतर्गत विशेष सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं किशोरियों को शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बाल विवाह, लैंगिक हिंसा, घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, लैंगिक भेदभाव, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही छात्र-छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने एवं अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक विनय प्रताप सिंह एवं जिला मिशन समन्वयक मिथलेश कुमार ने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर तथा मिशन शक्ति योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विस्तारपूर्वक दी।
उन्होंने महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महिला हेल्पलाइन 181 तथा बच्चों से संबंधित मामलों में 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जेंडर स्पेशलिस्ट चंदन कुमार ने बाल विवाह, लैंगिक हिंसा, घरेलू हिंसा एवं दहेज उत्पीड़न जैसी सामाजिक कुप्रथाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए इनके उन्मूलन हेतु उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर यह भी बताया गया कि महिलाओं एवं किशोरियों की सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक भागीदारी बढ़ाने तथा उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन, औरंगाबाद की ओर से सभी बालिकाओं को स्कूल बैग वितरित किए गए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार, विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।