डीपीएस बोकारो में 27 से 30 दिसंबर तक होगा आयोजन, देशभर से करीब 600 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। इस्पातनगरी बोकारो दिसंबर में राष्ट्रीय स्तर की बालिका कबड्डी प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। सेक्टर-4 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो में 27 से 30 दिसंबर 2026 तक 36वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित करीब 600 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है।
एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया से संबद्ध कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता की जानकारी शनिवार को डीपीएस बोकारो में आयोजित प्रेसवार्ता में दी गई।
आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष सह डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए विद्यालय पूरी तरह तैयार है। परिसर में खिलाड़ियों के ठहरने और प्रतियोगिता के आयोजन के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने इसे बोकारो जिले और पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय बताया।
कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने आयोजन में राज्य सरकार और जिला प्रशासन से सहयोग मिलने की उम्मीद जताई।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी तकनीकी अधिकारी बिपिन कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ द्रोणाचार्य और अर्जुन पुरस्कार प्राप्त हस्तियां तथा भारतीय सीनियर कबड्डी टीम के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएंगे।