शुक्रवार शाम पटना जाने के लिए घर से निकला था गुड्डू कुमार, शरीर पर मिले कटने और जलने के निशान, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। धनरूआ थाना क्षेत्र के गुलरिया बिगहा गांव में शनिवार की सुबह खेत के बधार से एक 28 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गुड्डू कुमार उर्फ भोली, पिता सामरिक प्रसाद उर्फ भवसागर के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक की हत्या करने के बाद शव खेत में फेंक दिए जाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि गुड्डू को करंट लगाकर और मारपीट कर मौत के घाट उतारा गया। हालांकि, हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
परिजनों के अनुसार, गुड्डू कुमार पटना में काम करता था। शुक्रवार की शाम वह घर से पटना जाने के लिए निकला था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। परिजनों को लगा कि वह पटना में ही रुक गया होगा। इसी बीच शनिवार की सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि गुलरिया बिगहा गांव के पास खेत के बधार में उसका शव पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलने पर धनरूआ थानाध्यक्ष अमित कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आशीष राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। युवक के शरीर पर कई जगह कटने और जलने के निशान मिलने की बात सामने आई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
शुक्रवार की शाम से लापता युवक का शव मिलने के मामले में शनिवार शाम करीब पांच बजे एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने तकनीकी जांच के लिए आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस ने देर शाम शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि गुलरिया बिगहा गांव में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि पूर्व की घटनाओं में ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में चिंता बनी हुई है। युवक का शव मिलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे किसका हाथ है।