नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। प्रखंड के तरारी स्थित कुसुम यादव कॉलेज परिसर में शनिवार को कांग्रेस द्वारा अभिनंदन समारोह सह धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगी शिक्षा और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की गई। इस दौरान नवमनोनीत पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आनंद शंकर सिंह ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से आम लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संगठन को मजबूती मिलेगी और जनता की आवाज प्रभावी ढंग से उठाई जा सकेगी।
प्रखंड अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सम्मान समारोह का उद्देश्य कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना और संगठन को सशक्त बनाना है। वक्ताओं ने शिक्षा के बढ़ते खर्च, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं तथा स्नातक पाठ्यक्रम को आठ सेमेस्टर में संचालित किए जाने पर भी चिंता जताई।
उन्होंने सरकार से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुलभ बनाने की मांग की। पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राजेश्वर सिंह, हाफिज खुर्शीद एवं अन्य कई वक्ताओं ने अपने विचार रखा। कार्यक्रम का संचालन आर.पी. सिंह यादव तथा सह-संचालन शहीद हुसैन ने किया।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य शकील अख्तर, कमाल खान, सत्तार अंसारी, मृत्युंजय कुमार, लवकेश पांडेय, डॉ. सुरेंद्र प्रसाद सिंह, खुर्शीद खान सहित कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे। अतिथियों को सम्मानित किया गया।