नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। राजकीय पॉलिटेक्निक, औरंगाबाद में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘ स्प्रिंगबोर्ड लाइवलीहुड फेज-2’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 जुलाई 2026 से शुरू हुआ है, जिसका संचालन इनोवेशन कम्स जॉइंटली द्वारा इन्फोसिस सीएसआर के सहयोग से पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। इसके तहत छात्रों को कम्युनिकेशन स्किल्स, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, इंटरव्यू स्किल्स, डिजिटल स्किल्स, वर्कप्लेस एटीकेट सहित अन्य रोजगारपरक कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा तथा प्रतिष्ठित कंपनियों में प्लेसमेंट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. बी. के. सिंह ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल्स और व्यावसायिक दक्षता भी बेहद आवश्यक है। ऐसे उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से प्रशिक्षण में भाग लेने और इसका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
वहीं प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट पदाधिकारी माजिद हुसैन ने बताया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योगों की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद संस्थान में कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
राजकीय पॉलिटेक्निक, औरंगाबाद प्रशासन ने इस पहल के लिए इनोवेशन कम्स जॉइंटली एवं इन्फोसिस सीएसआर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सफल करियर निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।