लखनऊ पहुंचे मंत्री तथा यूपी प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा- नीतीश कुमार के बिहार मॉडल को गांव-गांव पहुंचाएं कार्यकर्ता
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
लखनऊ। अगले वर्ष होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह सभागार में आयोजित जदयू उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री और जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने पिछले दो दशकों में विकास, सुशासन और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय से जुड़ी कई योजनाएं आज पूरे देश के लिए मिसाल बन चुकी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बिहार के विकास मॉडल और जदयू की विकासवादी सोच को उत्तर प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जदयू पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता का आधार होता है।
श्रवण कुमार ने कहा कि कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहें, उनकी समस्याओं को सुनें और पार्टी की नीतियों व जनहितकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठित प्रयासों से जदयू उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रभावी भूमिका निभाएगी।
बैठक की अध्यक्षता जदयू उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने की। उन्होंने बताया कि 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेशभर में मंडल, जिला और विधानसभा स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद राज्य स्तरीय सम्मेलन होगा, जिसमें जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी शामिल होंगे।
बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही संभावित प्रत्याशियों के नामों की समीक्षा, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, जिलाध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।