नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पतरातू। स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्ष रेणु सहगल ने सोमवार को पीवीयूएनएल पतरातू टाउनशिप स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में ‘प्रगति 2.0 टेलरिंग सेंटर’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य आसपास के गांवों की महिलाओं को व्यावसायिक कौशल से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

समिति की इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत हनुमानगढ़ी, शाह कॉलोनी एवं कटिया गांवों की चयनित महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई का नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सप्ताह में छह दिन संचालित होगा, जिससे महिलाएं आधुनिक सिलाई-कढ़ाई की तकनीकों में दक्ष होकर स्वरोजगार के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त कर सकेंगी।

इस अवसर पर अध्यक्ष रेणु सहगल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता से ही महिलाओं का वास्तविक सशक्तिकरण संभव है। उन्होंने कहा कि स्वर्णरेखा महिला समिति का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को ऐसे कौशल प्रदान करना है, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ समाज में सम्मानजनक पहचान भी बना सकें।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘प्रगति 2.0 टेलरिंग सेंटर’ महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रभावी मंच साबित होगा।
उद्घाटन समारोह में स्वर्णरेखा महिला समिति के सदस्य, पीवीयूएनएल के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया।