नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मेदिनीनगर। पलामू के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अपने जन्मदिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए बुधवार को अनाथ और जरूरतमंद बच्चों के बीच मनाया। उन्होंने मेदिनीनगर स्थित वात्सल्य धाम, संप्रेषण गृह तथा मिशनरीज ऑफ चैरिटी पहुंचकर बच्चों के साथ केक काटा, मिठाइयां बांटी और उनके साथ आत्मीय पल बिताए।

इस दौरान कई बच्चों ने उपायुक्त को केक खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उपायुक्त ने बच्चों के बीच मिठाइयां वितरित कीं तथा उनसे बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह जरूरतमंद और असहाय बच्चों के जीवन में खुशियां लाने का प्रयास करे। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी किसी के जीवन में बड़ी मुस्कान ला सकते हैं।

उपायुक्त की इस संवेदनशील और मानवीय पहल से बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्नेह, अपनत्व और उत्साह का माहौल बना रहा तथा बच्चों ने भी इस पल को यादगार बना दिया।