नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, दयानन्द विहार में शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर योग दिवस मनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को योग के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक मयंक सिंह ने कक्षा पांचवीं, छठी एवं सातवीं के विद्यार्थियों के साथ-साथ उपस्थित शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के योगासनों की जानकारी दी और उनका अभ्यास करवाया।
इस अवसर पर आगंतुक योग प्रशिक्षक इंद्रजीत प्रसाद वर्मा एवं किरण जायसवाल ने भी विद्यार्थियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से बताया तथा नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य विजय कुमार पाठक ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने सभी को नियमित रूप से योग करने का संकल्प दिलाते हुए कहा, “करें योग – रहें निरोग।”
प्राचार्य ने बताया कि उनके नेतृत्व में बिहार प्रक्षेत्र-एफ के सभी डी.ए.वी. विद्यालयों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।