नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। भगवानगंज थाना क्षेत्र स्थित चांदनी अलंकार ज्वेलरी दुकान में हुई भीषण डकैती के विरोध में शुक्रवार को पूरे भगवानगंज बाजार के दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं। व्यापारियों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।
व्यापारियों का कहना है कि यदि एक सप्ताह के भीतर डकैती में शामिल सभी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।

गौरतलब है कि 20 जुलाई की देर रात 8 से 10 की संख्या में नकाबपोश और हथियारबंद अपराधी घर के पीछे सीढ़ी लगाकर चांदनी अलंकार के संचालक के घर में घुस गए थे। बदमाशों ने हथियार के बल पर परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया और घर के साथ-साथ आभूषण दुकान से करीब 250 ग्राम सोना, 15 किलोग्राम चांदी तथा 30 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद से भगवानगंज के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। दुकानदारों का कहना है कि जब थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित एक प्रतिष्ठित आभूषण दुकान में इतनी बड़ी डकैती हो सकती है, तो पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
बाजार बंद के दौरान धनंजय सोनी, विक्की कुमार, रवि सोनी, अजीत कुमार, निराला कुमार, संजय कुमार, राहुल कुमार, राजेश कुमार, पंकज सोनी समेत बड़ी संख्या में व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन कर जल्द कार्रवाई की मांग की।
वहीं, भगवानगंज थाना पुलिस ने व्यापारियों से दुकानें खोलने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि डकैती में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।