डीएलएड एवं BBOSE की निर्धारित परीक्षाएं यथावत होंगी आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला दण्डाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा विधि-व्यवस्था के मद्देनजर जारी आदेश के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, औरंगाबाद ने 25 जुलाई 2026 से 26 जुलाई 2026 तक जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, प्री-स्कूल तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों को पूर्णतः बंद रखने का आदेश जारी किया है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में डीएलएड (फेस-टू-फेस) परीक्षा 2026 एवं BBOSE की प्रायोगिक परीक्षा 2026 पूर्व निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपने निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर संचालित होगी। सभी केन्द्राधीक्षक, प्रतिनियुक्त शिक्षक एवं कर्मी समय पर परीक्षा केन्द्रों पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।
साथ ही सभी परीक्षार्थियों को निर्धारित समय पर परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होकर पूर्ण शुचिता एवं अनुशासन के साथ परीक्षा में सम्मिलित होने का निर्देश दिया गया है।
जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षक को निर्देशित किया गया है कि 25 एवं 26 जुलाई 2026 को विद्यालय पूर्णतः बंद रहेंगे तथा इस अवधि में शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति नहीं होगी। संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को उक्त आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से जारी आदेश का पूर्णतः पालन करने की अपील की है।