नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक सुलभ एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने के प्रयासों को लगातार सफलता मिल रही है। इसी क्रम में टेलीमेडिसिन सेवा के क्षेत्र में औरंगाबाद जिला बिहार राज्य में प्रथम स्थान पर रहा है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी टेली-कंसल्टेशन जिला रैंकिंग के अनुसार दिनांक 7 सितंबर 2026 को औरंगाबाद जिले में कुल 12,527 टेली-कंसल्टेशन दर्ज किए गए, जिसके साथ जिला राज्य में प्रथम स्थान पर रहा। वहीं 12,116 टेली-कंसल्टेशन के साथ पटना दूसरे तथा 10,377 के साथ पूर्णिया तीसरे स्थान पर रहा।
दिनांक 6 सितंबर 2026 को भी औरंगाबाद जिला 11,271 टेली-कंसल्टेशन के साथ राज्य में प्रथम स्थान पर था। इस प्रकार अगले ही दिन टेली-कंसल्टेशन की संख्या बढ़कर 12,527 हो गई, जो स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जिले में बढ़ती पहुंच एवं डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाता है।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में टेलीमेडिसिन के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इससे लोगों को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से ही चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने की सुविधा मिल रही है तथा अनावश्यक रूप से दूर स्थित अस्पतालों तक जाने की आवश्यकता कम हो रही है।
जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को टेलीमेडिसिन सेवा का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुंच को निरंतर बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया है।
औरंगाबाद जिले का राज्य में प्रथम स्थान पर रहना जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं स्वास्थ्यकर्मियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। जिला प्रशासन द्वारा डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करते हुए आमजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।