नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा प्रखंड के मध्य विद्यालय बरहपुर में बाढ़ एसडीओ कृष्णा जोशी के औचक निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक दयानिधि प्रसाद सिंह अनुपस्थित पाए गए। उनके विद्यालय में नहीं रहने के संबंध में अन्य शिक्षकों से पूछताछ की गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
जांच के दौरान छात्रों की दैनिक उपस्थिति पंजी में भी उपस्थिति दर्ज नहीं मिली। शिक्षकों से वास्तविक उपस्थिति की गणना कराई गई तो विद्यालय में कुल 236 छात्र उपस्थित पाए गए।
वहीं, मध्याह्न भोजन योजना की जांच में पता चला कि प्रभारी राजेश प्रसाद ने सोमवार को एमडीएम मोबाइल एप पर वास्तविक 236 छात्रों के बजाय 670 छात्रों की उपस्थिति दर्ज की थी। पूछताछ में राजेश प्रसाद ने बताया कि शिक्षिका पूजा सिंह के कहने पर 670 छात्रों की उपस्थिति दर्ज की गई।
इसके बाद पूजा सिंह से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि प्रधानाध्यापक दयानिधि प्रसाद सिंह ने मोबाइल के माध्यम से उन्हें 236 के स्थान पर 670 छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा एक दिन का वेतन स्थगित करने की अनुशंसा की गई है। अधिकारियों के अनुसार, स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण का प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, पटना को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।