नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। सदर थाना क्षेत्र के कुम्हइया पोखरी के समीप गुरुवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक ठेकेदार की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी पूर्वी निवासी राम नरेश राय के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राम नरेश राय रोज की तरह गुरुवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। घर से कुछ दूरी पर पहुंचते ही दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और गोली चला दी।
गोली लगने के बाद राम नरेश राय जान बचाने के लिए अपने घर की ओर भागे। अपराधियों ने उनका पीछा किया और घर के पास भी गोली चलाई। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात से जुड़े फुटेज सामने आए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच में जुटी है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। बाद में आक्रोशित लोगों ने शव को घटनास्थल पर रखकर सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी शुभांक मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
इधर, ठेकेदार की हत्या की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी आक्रोश है। लोग अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
एसपी शुभांक मिश्रा ने लोगों को भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।