नूरसराय के मध्य विद्यालय परासी की घटना, सदर अस्पताल में बच्चों का चल रहा इलाज
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नालंदा। नूरसराय प्रखंड के मध्य विद्यालय परासी में मंगलवार को मिड डे मील का भोजन खाने के बाद करीब 34 छात्र-छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बच्चों की हालत खराब होते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी बच्चों को बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही जदयू विधायक दल के नेता सह बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती बच्चों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।
मंत्री ने कहा कि मिड डे मील परोसने में चूक कहां हुई, इसकी पूरी जांच कराई जाएगी। प्रथम दृष्टया भोजन की गुणवत्ता और लापरवाही का मामला सामने आ रहा है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। मिड डे मील बच्चों के पोषण और शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। भोजन की साफ-सफाई, ताजगी और स्वच्छ पानी का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
मंत्री ने चिकित्सकों को बच्चों का बेहतर इलाज करने का निर्देश दिया और अभिभावकों से घबराने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को जिले के सभी स्कूलों में मिड डे मील की औचक जांच कराने तथा रसोइयों को साफ-सफाई और स्वच्छता को लेकर प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया।
इस दौरान सिविल सर्जन, जदयू प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार देव सहित कई चिकित्सक मौजूद रहे।