पांच जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद, पुरानी रंजिश में गोलीबारी की घटना को दिया था अंजाम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक व्यक्ति पूर्व में इसी मामले में प्रयुक्त हथियार अपने एक नाबालिग साथी के पास रखने की बात स्वीकार कर चुका है।
जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त को पौथू थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि पौथू थाना कांड संख्या-81/26, हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट के मामले का नामजद आरोपी पिंटू कुमार बिना नंबर की मोटरसाइकिल से गोह-घेजना के रास्ते पौथू की ओर जा रहा है।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पौथू थाना पुलिस ने अंबा मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी पिंटू कुमार को बिना नंबर की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान पिंटू कुमार ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि उसने 17 अगस्त को अपने साथी सन्नी कुमार के साथ मिलकर ग्राम मंझौली में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था। उसने यह भी बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार को छिपाने के लिए उसने अपने साथी सन्नी कुमार को दे दिया था।
पुलिस ने इसके बाद बंदेया थाना पुलिस के सहयोग से बंदेया थाना क्षेत्र के ग्राम सोसुना में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार उसके एक विधि-विरुद्ध साथी के पास रखा गया है।
इसके बाद औरंगाबाद पुलिस ने सन्नी कुमार की निशानदेही पर संबंधित बालक के घर छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक अवैध देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मामले में बालक को भी निरुद्ध कर लिया है।
इस संबंध में बंदेया थाना कांड संख्या-97/26, दिनांक 24 अगस्त 2026 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि निरुद्ध बालक को नियमानुसार न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिंटू कुमार, उम्र करीब 22 वर्ष, पिता रामपुकार यादव, ग्राम एड़ी, थाना उपहारा तथा सन्नी कुमार, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता गोविंद पासवान, ग्राम सोसुना, थाना बंदेया, जिला औरंगाबाद के रूप में हुई है।