नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। रक्षाबंधन के पर्व पर करमचट थाना क्षेत्र स्थित दुर्गावती जलाशय यानी करमचट में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। डैम के बाएं तट पर स्थित नहर की ओर नहाने और सेल्फी लेने के दौरान 15 वर्षीय किशोर गहरे पानी के भंवर में समा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। डूबे किशोर की पहचान रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी रोहित कुमार (पिता महेंद्र बिंद) के रूप में हुई है। रोहित अपने दोस्तों के साथ करमचट डैम घूमने आया था। नहाने के दौरान मोबाइल से सेल्फी लेते समय वह अचानक गहरे पानी के भंवर की चपेट में आ गया।
साथ आए दोस्तों और आसपास के लोगों के शोर मचाने पर स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आया। सूचना मिलते ही करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की। बाद में चेनारी सीओ और थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार भी मौके पर पहुंचे। पानी में तेज भंवर होने के कारण देर शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।
करमचट थानाध्यक्ष ने बताया कि डूबे युवक की तलाश के लिए पटना से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। सुबह से एसडीआरएफ की मदद से सघन खोज अभियान चलाया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस ने लोगों से जलाशयों के खतरनाक हिस्सों और गहरे पानी से दूर रहने की सख्त अपील की है।