नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। ओबरा थाना क्षेत्र के तेजपुरा गांव के समीप शनिवार की सुबह पटना-डेहरी मुख्य कैनाल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार युवा चिकित्सक डा. हर्षवर्धन कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके पिता डा. विजय चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा पिकअप वाहन और अल्टो कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर से हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पिकअप सड़क किनारे नहर की खाई में जा गिरा। मृतक की पहचान तेजपुरा गांव निवासी 23 वर्षीय डा. हर्षवर्धन कुमार के रूप में हुई है।
और आप सूचना के अनुसार, वे एमबीबीएस चिकित्सक थे और वर्तमान में अपने परिवार के साथ डेहरी में रह रहे थे। उनके पिता डा. विजय चौधरी भी चिकित्सक हैं। दोनों शनिवार की सुबह कार से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान तेजपुरा गांव के समीप मुख्य कैनाल के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल डॉ. विजय चौधरी को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए दाउदनगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू की। मृतक डा. हर्षवर्धन कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पिकअप वाहन को नहर की खाई से निकालना गया।
डा. हर्षवर्धन कुमार की मौत की खबर मिलते ही तेजपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों में मातम पसरा है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवा चिकित्सक की असमय मौत से पूरे गांव को गहरा आघात पहुंचा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार हादसे के बाद पिकअप वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी है। दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों की स्थिति का जायजा लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इधर हादसे के बाद तेजपुरा पंचायत के समाजसेवी संतोष सिंह उर्फ सौरभ कुमार ने प्रशासन से पटना-बारुण मुख्य कैनाल के किनारे उगी झाड़ियों को हटाने और सड़क के आसपास पर्याप्त रेडियम लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि कई स्थानों पर झाड़ियों के कारण सड़क और उसके आसपास का क्षेत्र स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।