फ्रैक्चर नेक ऑफ फीमर का बाइपोलर हेमीआर्थ्रोप्लास्टी से किया गया ऑपरेशन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
छपरा (सारण)। सदर अस्पताल छपरा में पहली बार फ्रैक्चर नेक ऑफ फीमर से पीड़ित 65 वर्षीय मरीज का सफल हिप रिप्लेसमेंट किया गया। अमनौर निवासी भारत राम का ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों की टीम ने बाइपोलर हेमीआर्थ्रोप्लास्टी तकनीक से सफल ऑपरेशन किया। खास बात यह रही कि पूरी सर्जरी आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क की गई।
कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर के बाद भारत राम को सदर अस्पताल लाया गया था। जांच के बाद चिकित्सकों ने उनकी उम्र और फ्रैक्चर की स्थिति को देखते हुए हिप रिप्लेसमेंट का निर्णय लिया। ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. रवि अमृत ने सर्जरी की, जबकि एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अमरेश कुमार ने ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया और मरीज की निगरानी की।
चिकित्सकों के अनुसार बुजुर्गों में नेक ऑफ फीमर का फ्रैक्चर गंभीर चोट होती है। ऐसे मामलों में मरीज की स्थिति के अनुसार हेमीआर्थ्रोप्लास्टी की जाती है, जिससे क्षतिग्रस्त हिस्से को कृत्रिम इंप्लांट से बदलकर मरीज को जल्द चलने-फिरने में मदद मिलती है।
सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई गई है। चिकित्सकीय निगरानी के साथ आगे फिजियोथेरेपी के माध्यम से उन्हें सामान्य गतिविधियों की ओर लाने का प्रयास किया जाएगा।
सदर अस्पताल में इस तरह की जटिल ऑर्थोपेडिक सर्जरी की शुरुआत को जिले की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क इलाज मिलने से मरीज को महंगे निजी उपचार का खर्च भी नहीं उठाना पड़ा।