जिला पदाधिकारी ने कहा—पंचायत स्तर पर ही समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में देव प्रखंड अंतर्गत बेढ़ना पंचायत के पंचायत सरकार भवन में जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुआ। इसके पश्चात जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को पौधा एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों का स्वागत करते हुए कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को पंचायत स्तर पर ही सुनना तथा उनका यथासंभव त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उन्हें उनके द्वार के समीप ही उपलब्ध कराया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों पर जाकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि नागरिकों को सरकारी योजनाओं की सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ना भी है।
शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा लाभुकों के बीच मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड एवं जन्म प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शिविर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित पदाधिकारियों से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली गई। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी आवेदक को अनावश्यक रूप से प्रतीक्षा न करनी पड़े।
आज आयोजित सहयोग शिविर के माध्यम से कोचाढ़ पंचायत में कुल 52 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से सभी आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया।
शिविर परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, मनरेगा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, सात निश्चय-2 अंतर्गत नल-जल योजना, कौशल विकास योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पात्र लाभुकों से आवेदन भी प्राप्त किए गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में दवा वितरण, नेत्र जांच, रक्त जांच, रक्तचाप जांच, आयुष्मान भारत कार्ड, यूडीआईडी कार्ड सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त जिला बाल संरक्षण इकाई, प्रधानमंत्री आवास योजना, आईसीडीएस, शिक्षा विभाग एवं राजस्व विभाग द्वारा भी स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, देव, अंचल अधिकारी, देव, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, देव, संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।