नवबिहार टाइम्स संवाददाता
रफीगंज। रफीगंज-गया रोड स्थित चरकावां निचली डीह के साइंटिस्ट इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित एवं केक काटकर किया।
इस अवसर पर विधायक ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ अनुशासन, संस्कार और जीवन में आगे बढ़ने की सीख देते हैं। शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।
विद्यालय परिवार की ओर से विधायक का अंगवस्त्र, माला एवं गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। विधायक ने छात्राओं को सम्मानित भी किया।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि भोला चौधरी, सरपंच दयानंद प्रसाद दांगी, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार पासवान, सुनील कुमार सिंह, मधुकर लाल कुशवाहा, प्रधानाचार्य अमित कुमार सहित शिक्षक, अभिभावक और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।