नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार राज्य के औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड स्थित तेजपुर में पटना मुख्य कैनाल का ऐतिहासिक पुल अचानक धंस गया है। पुल के बीचों-बीच बड़ा गड्ढा बन गया है, जिससे तेजपुर से चेचाढ़ी और मंझियांवा जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है।
आवागमन रुकने से दर्जनों गांवों के आम जनजीवन पर भारी असर पड़ा है और लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। सुरक्षा के लिहाज से पुल के दोनों ओर फिलहाल झंडे गाड़ दिए गए हैं ताकि कोई उधर न जाए। अंचलाधिकारी राकेश कुमार शर्मा और सिंचाई विभाग के एसडीओ राजू रंजन कुमार ने स्थिति का जायजा लेते हुए जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने का भरोसा दिया है।
उन्होंने ने बताया कि सिंचाई विभाग के पदाधिकारियों से संपर्क किया गया है और हर हाल में मरम्मत कार्य कराने का आश्वासन मिला है। वहीं, ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के एसडीओ को स्थिति से अवगत कराया। एसडीओ राजू रंजन कुमार ने आश्वासन देते हुए कहा कि रविवार को पुल का मरम्मत कार्य निश्चित रूप से कराया जाएगा।