CCTV का हार्ड डिस्क उखाड़ ले जाने से जांच में चुनौती
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। धनरूआ थाना क्षेत्र के पभेड़ी बाजार में अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर शिव अलंकार ज्वेलर्स से करीब 15 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और 90 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का हार्ड डिस्क भी उखाड़कर साथ ले गए।
दुकान संचालक सुरेश कुमार ने बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर वह धनरूआ स्थित अपने किराये के मकान चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब 5:23 बजे आसपास के लोगों ने फोन कर दुकान में चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान का शटर टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। लॉकर और शोकेस में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे।
संचालक के अनुसार जितिया पर्व को लेकर कई ग्राहकों ने आभूषणों के ऑर्डर दिए थे। चोरी के कारण अब उन ऑर्डरों को पूरा करने में परेशानी होगी।
सूचना पर धनरूआ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दुकान का सीसीटीवी हार्ड डिस्क गायब होने के कारण पुलिस आसपास की दुकानों और सड़क पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
धनरूआ थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।