टूट सकता है बाढ़ का रिकॉर्ड
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर उच्चतम स्तर को पार करने के बाद अब बाढ़ का खतरा बेगूसराय, मुंगेर और भागलपुर समेत निचले डाउनस्ट्रीम इलाकों की ओर बढ़ रहा है। गांधी घाट पर गंगा नदी ने चेतावनी का दायरा पार कर लिया है। उच्चतम बाढ़ स्तर को पीछे छोड़ने के बाद अब पानी का भारी दबाव डाउनस्ट्रीम (नीचे की ओर) के इलाकों पर बन गया है। अगले 1 से 3 दिनों के भीतर हाथीदह और उसके आगे के गेज स्टेशनों पर जलस्तर पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युद्धस्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। बेगूसराय के तटवर्ती इलाके, लखीसराय के निचले हिस्से, मुंगेर के गंगा किनारे की बस्तियां, भागलपुर के संवेदनशील क्षेत्र, एवं कटिहार के बाढ़ प्रभावित जोन में सबसे ज्यादा खतरा पानी के बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रशासन ने इन 5 जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए हैं तटबंधों और संवेदनशील स्थलों की चौबीसों घंटे निगरानी होगी। सभी क्षेत्रीय अभियंताओं और बाढ़ नियंत्रण टीमों को मशीनरी के साथ अलर्ट मोड पर रखा गया है। स्थानीय प्रशासन नावों के परिचालन पर कड़ी नजर रखेगा। नावों में ओवरलोडिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
प्रशासन ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि लोगों अनावश्यक रूप से गंगा नदी या उसके घाटों के करीब न जाएं। निचले इलाकों के लोग सुरक्षित स्थानों की जानकारी रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। स्थानीय प्रशासन लगातार लोगों को मुनादी और सूचनाओं के जरिए जागरूक कर रहा है।