आदित्य साहू के नेतृत्व में जिला स्कूल से कांग्रेस भवन तक निकाला मार्च, बाबूलाल मरांडी और दीपक प्रकाश भी रहे मौजूद
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना/रांची। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने रांची स्थित कांग्रेस भवन के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खड़गे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तत्काल माफी मांगने की मांग की।

प्रदर्शन से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला स्कूल से मार्च निकाला और नारेबाजी करते हुए कांग्रेस भवन पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेस के खिलाफ विरोध जताया। तख्तियों पर ‘प्रधानमंत्री को गाली देना बंद करो’, ‘राजनीतिक मर्यादा का सम्मान करो’ और ‘कांग्रेस पार्टी हाय-हाय’ जैसे नारे लिखे थे। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोध के नाम पर प्रधानमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में जवाब देने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

पवन खेड़ा के बयान पर भी भाजपा का पलटवार
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कांग्रेस के कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता के घुसने का आरोप लगाया था। भाजपा नेताओं ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि पवन खेड़ा कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन पूरे घटनाक्रम के फुटेज और संबंधित व्यक्ति के बयान को देखने-सुनने से स्पष्ट होता है कि वह कांग्रेस का ही कार्यकर्ता है।भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर राजनीतिक मुद्दों को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं को अपनी भाषा और व्यवहार की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की मांग दोहराई।