बेताब अहमद
सासाराम। कृषि विज्ञान केंद्र, फार्म धनगाई बिक्रमगंज में प्रथम दो दिवसीय कृषि यंत्रीकरण मेला का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिला पदाधिकारी रोहतास एवं माननीय विधायक काराकाट श्री अरुण कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस कृषि यंत्रीकरण मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों के बीच आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देना, कृषि कार्यों की लागत को कम करना, कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि करना तथा किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। मेले में जिले के विभिन्न कृषि यंत्र विक्रेताओं द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी देखने तथा उनके उपयोग, कार्यप्रणाली एवं कृषि कार्यों में उनकी उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।

कृषि यंत्रीकरण वर्तमान समय में कृषि क्षेत्र के विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से कृषि कार्यों को कम समय में पूरा करने, श्रम एवं लागत में कमी लाने तथा कृषि कार्यों की गुणवत्ता में सुधार करने में सहायता मिलती है। इस प्रकार के आयोजनों से किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों की जानकारी मिलती है और वे अपनी आवश्यकता के अनुरूप उपयुक्त कृषि यंत्रों का चयन कर सकते हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में रोहतास जिले को कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत कुल 1,836 इकाइयों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
विभिन्न घटकों के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य निम्नवत हैं:– 1. एकल कृषि यंत्र: 1,779 इकाइयाँ, 2. कस्टम हायरिंग सेंटर: 09 इकाइयाँ, 3. स्पेशल कस्टम हायरिंग सेंटर: 30 इकाइयाँ, 4. कृषि ड्रोन: 17 इकाइयाँ, 5. फार्म मशीनरी बैंक: 01 इकाई। उक्त विभिन्न घटकों के अंतर्गत जिले में लगभग 9 करोड़ 72 लाख रुपये का अनुदान दिया जाना प्रस्तावित है। इस योजना के माध्यम से पात्र किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद एवं कृषि यंत्रीकरण से संबंधित सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

कृषि यंत्रीकरण योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त
जिले में कृषि यंत्रीकरण योजना के विभिन्न घटकों के अंतर्गत किसानों से ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए गए हैं। अब तक एकल कृषि यंत्र के लिए कुल 2,045 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, समूह के माध्यम से विभिन्न प्रकार के कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना के लिए कुल 385 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पात्र लाभार्थियों का चयन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही राज्य स्तर से समेकित ऑनलाइन लॉटरी का आयोजन किया जाएगा। लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर तत्काल एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे अपने आवेदन के समय दर्ज किए गए पंजीकृत मोबाइल नंबर को सक्रिय रखें, ताकि चयन संबंधी सूचना समय पर प्राप्त हो सके। साथ ही, योजना से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों पर ध्यान दें।

आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर आत्मनिर्भर बनें किसान
कृषि यंत्रीकरण मेला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से परिचित कराने तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आधुनिक कृषि यंत्रों के समुचित उपयोग से खेती को अधिक सुविधाजनक, समयबद्ध एवं लाभकारी बनाया जा सकता है। इससे कृषि कार्यों में दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाओं को भी बल मिलता है। जिला प्रशासन, रोहतास द्वारा किसानों से अपील की जाती है कि वे कृषि यंत्रीकरण से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें, उपलब्ध आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उठाएँ तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।