नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27 के पटना रीजनल राउंड में आईआईटी-पटना की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम और द्वितीय दोनों स्थानों पर कब्जा जमाया। ऊर्जा ऑडिटोरियम, पटना में आयोजित प्रतियोगिता में हीत जे. जोशी और शिवांशु एस. दास की टीम विजेता बनी, जबकि जोवेन एस. पायनाडत और अभिराम पारिपदी की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, पटना के रौशन और गौरव की टीम तीसरे स्थान पर रही।

एनटीपीसी के उप महाप्रबंधक (नैगम संचार) विश्वनाथ चंदन ने बताया कि प्रतियोगिता में बिहार के प्रमुख इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन संस्थानों की 300 से अधिक टीमों ने भाग लिया। इनमें आईआईटी-पटना, चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, लालित नारायण मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट एंड सोशल चेंज, पटना, बख्तियारपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग तथा गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज–औरंगाबाद सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के विद्यार्थी शामिल थे।

प्रतियोगिता की शुरुआत लिखित प्रारंभिक चरण से हुई, जिसके बाद छह टीमों ने हाई-एनर्जी ऑडियो-विजुअल फाइनल राउंड में जगह बनाई। फाइनल में आईआईटी-पटना की दो टीमों के अलावा चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट–पटना, सीतामढ़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, लालित नारायण मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट एंड सोशल चेंज, पटना तथा गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज–औरंगाबाद की टीमों ने भाग लिया। फाइनल राउंड का संचालन दिल्ली के प्रसिद्ध क्विज मास्टर गौतम बोस ने किया।

पटना रीजनल राउंड की शीर्ष दो टीमें अब 7 अक्टूबर को सेमीफाइनल तथा 8 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय फाइनल में भाग लेंगी। दोनों चरणों का आयोजन एनटीपीसी पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (पीएमआई), नोएडा में किया जाएगा।
इस अवसर पर एनटीपीसी के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) विल्सन अब्राहम ने विजेता टीम को 60,000 रुपये, उपविजेता टीम को 40,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीम को 20,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की। अन्य फाइनलिस्ट टीमों को भी सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
महाप्रबंधक विल्सन अब्राहम ने कहा कि एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज युवा प्रतिभाओं को अपने ज्ञान, रचनात्मकता और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन करने का प्रभावी मंच प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना राष्ट्र निर्माण के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई देते हुए आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज देशभर के युवाओं में ज्ञान, जिज्ञासा, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और बौद्धिक उत्कृष्टता की भावना को बढ़ावा देने वाली प्रमुख पहल है।