खून से सनी शर्ट और हत्या में प्रयुक्त लोहे की खंती बरामद, शिक्षक ब्रजेश के घर आने-जाने से नाराज था आरोपी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। कैलूचक मोहल्ले में महिला शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी मंटू सिंह की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की वजह भी सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की खंती, मोबाइल फोन और खून से सनी शर्ट बरामद की है।
गौरतलब है कि 2 सितंबर को महिला शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी की उनके ही घर में लोहे की खंती से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले के जल्द खुलासे को लेकर पुलिस पर दबाव था।
पुलिस ने इस मामले में पहली गिरफ्तारी मंगलवार को की थी। उस दौरान मृतका के स्कूल के प्रभारी शिक्षक ब्रजेश कुमार, पिता बालदेव प्रसाद को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद गुरुवार को दूसरी गिरफ्तारी मृतका के घर के ठीक सामने किराये के मकान में रहने वाले मंटू सिंह, पिता श्याम मोहन सिंह, निवासी कादिरगंज की हुई।
सिटी एसपी शैलजा ने बताया कि मंटू सिंह मृतका के घर के सामने किराये के मकान में रहता था और कई वर्षों से महिला शिक्षिका के घर आना-जाना करता था। मृतका के घर पर स्कूल के प्रभारी शिक्षक ब्रजेश कुमार का भी आना-जाना था, जिसे मंटू पसंद नहीं करता था।
पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर मंटू के मन में रंजिश पैदा हो गई और उसने महिला शिक्षिका की हत्या कर दी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध स्वीकार करने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की खंती, मोबाइल फोन और खून लगी शर्ट बरामद की है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।