5-डे वर्किंग की मांग को लेकर गरजे बैंककर्मी, सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को जिले में बैंक कर्मचारियों की एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। हड़ताल के कारण विभिन्न बैंकों की शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित रहा। अपनी मांगों के समर्थन में बैंककर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
शहर में बैंक कर्मचारी एसबीआई पीबीबी के समीप एकत्र हुए। यहां से कर्मचारियों ने मार्च करते हुए पीएनबी सर्किल कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इसके बाद एसबीआई और पीएनबी समेत विभिन्न बैंकों के कर्मचारी एकजुट होकर रमेश चौक तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान बैंककर्मियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
बैंक कर्मचारियों के आंदोलन का प्रमुख मुद्दा सप्ताह में पांच दिन काम और शनिवार-रविवार को पूर्ण अवकाश लागू करना है। कर्मचारियों का कहना है कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में अपेक्षित निर्णय नहीं लिया गया है। इसके अलावा कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों के समाधान और बैंकिंग क्षेत्र से संबंधित नीतियों को लेकर भी यूनियनों में नाराजगी है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों को लगातार लंबित रखा जा रहा है। सरकार और बैंक प्रबंधन को कर्मचारियों की जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
11 सितंबर को शुक्रवार की हड़ताल के बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार है। ऐसे में शाखा आधारित बैंकिंग सेवाएं लगातार तीन दिनों तक प्रभावित रहने की स्थिति बनी है। नकद लेन-देन, चेक क्लीयरिंग और शाखाओं से जुड़े अन्य कार्यों के लिए ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि एटीएम, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है।
बैंक यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और बैंक प्रबंधन ने उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। यूनियनों की ओर से 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल तथा 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में बैंकिंग क्षेत्र का आंदोलन और तेज होने की संभावना है।
प्रदर्शन में क्षेत्रीय सचिव प्रिंस गौरव, सर्किल डेलीगेट सुमित सिंह, लेखाकार देव भूषण, पीबीबी शाखा प्रबंधक दीपक कुमार, पीबीबी शाखा प्रबंधक अमित कुमार, सिमरा के सेवा प्रबंधक राजीव कुमार समेत विभिन्न बैंकों के कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान बैंककर्मियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।