तीनों अभियानों में कुल 469 मामले, 3.12 लाख से अधिक राजस्व अर्जित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में यात्रियों द्वारा उचित टिकट के साथ यात्रा सुनिश्चित करने तथा टिकट संबंधी नियमों के अनुपालन को लेकर आज सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। रफीगंज और जपला स्टेशनों पर किलेबंदी कर टिकट जांच की गई, जबकि गया जंक्शन पर मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
रफीगंज स्टेशन पर किलेबंदी कर की गई टिकट जांच के दौरान कुल 197 मामले पकड़े गए। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 1,19,885 राजस्व के रूप में अर्जित किया गया।
इसी क्रम में जपला स्टेशन पर किलेबंदी कर चलाए गए टिकट जांच अभियान में कुल 135 मामले पकड़े गए तथा 98,495 राजस्व के रूप में अर्जित किया गया।
वहीं, गया जंक्शन पर आयोजित मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग के दौरान कुल 137 मामले पकड़े गए। इन मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 93,795 राजस्व के रूप में अर्जित किया गया।
इस प्रकार 11 सितंबर को रफीगंज, जपला एवं गया में चलाए गए इन तीनों टिकट जांच अभियानों में कुल 469 मामले पकड़े गए तथा 3,12,175 राजस्व के रूप में अर्जित किया गया।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की जाती है कि वे बिना टिकट या बिना उचित प्राधिकार के यात्रा न करें। यात्रा से पहले टिकट स्टेशन के आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटर, अधिकृत टिकट वेंडर, एटीवीएम तथा ऑनलाइन माध्यम से आईआरसीटीसी वेबसाइट या रेलवन ऐप के माध्यम से आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। यात्री उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा रेलवे के नियमों का पालन करते हुए रेल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।