सड़क, स्वच्छता, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2026 की तैयारियों को लेकर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार को नगर आयुक्त, सिटी एसपी एवं एसडीओ के साथ प्रेतशिला एवं रामशिला वेदी परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के आवागमन, सड़क व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जनसुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पितृपक्ष मेला गयाजी की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने पितरों के तर्पण एवं पिंडदान के लिए गयाजी आते हैं। ऐसे में मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रेतशिला एवं रामशिला वेदी पिंडदान के प्रमुख स्थलों में शामिल हैं। इन स्थानों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सड़क एवं पहुंच मार्ग सुगम, स्वच्छता व्यवस्था बेहतर और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा आवश्यक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती करने का भी निर्देश दिया।
अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि मेला क्षेत्र में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। नियमित रूप से साफ-सफाई, कूड़ा उठाव एवं पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल, शौचालय, प्रकाश एवं बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं श्रद्धालुओं को आसानी से उपलब्ध हों।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पितृपक्ष मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियों को धरातल पर पूरी तरह सुनिश्चित किया जाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। गयाजी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधा, सुरक्षित वातावरण और स्वच्छ धार्मिक परिसर उपलब्ध कराना हम सभी का प्राथमिक जिम्मेदारी है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ गयाजी आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा और पितृपक्ष मेला-2026 को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालु हितैषी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
अंत में उन्होंने बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन को तैयारियों की सराहना की।