बेताब अहमद
डेहरी ऑन सोन। रोहतास जिले के किसानों और पशुपालकों के लिए आर्थिक समृद्धि के नए द्वार खुलने जा रहे हैं। सुधा डेयरी प्लांट का निरीक्षण जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बुधवार को किया। रोहतास जिला पदाधिकारी दिपक कुमार मिश्रा, शाहाबाद आरा दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सुमन और डेहरी स्थित सुधा डेयरी प्लांट के एमडी अमित आनंद की हुई उच्चस्तरीय बैठक में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का बड़ा खाका तैयार किया गया है। रोहतास डीएम और सीएमडी कपिल अशोक के मार्गदर्शन में हो रहे इन प्रयासों का मुख्य उद्देश्य हर घर के पशुपालक को बिचौलियों के जाल से मुक्त कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

रोहतास डीएम का मानना है कि विकास का लाभ हर अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। बिक्रमगंज के साथ-साथ नौहट्टा जैसे दुर्गम, पहाड़ी और दूरस्थ इलाकों के कई पशुपालक अब तक दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों से अछूते हैं। डीएम ने इन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है, ताकि पहाड़ों और दूरदराज के गांवों में रहने वाले मेहनतकश किसानों को भी दूध का सही और उचित मूल्य मिल सके।
शाहाबाद आरा दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सुमन और डेहरी स्थित सुधा डेयरी प्लांट के एमडी अमित आनंद सभी लोग ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था को और धार दी जा रही है। वर्तमान में लगभग एक हजार किसानों को उनके दूध का मूल्य सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जा रहा है, जो कि प्रत्यक्ष भुगतान के रूप में करीब 10 लाख रुपये है। इस कदम से बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह खत्म हो रही है और किसानों की मेहनत का पूरा पैसा सीधे उनके पास पहुँच रहा है।
क्षेत्र में दुग्ध संकलन को पंख देने की तैयारी है। अभी शाहाबाद संघ द्वारा प्रतिदिन 3.5 लाख लीटर दूध का संकलन किया जा रहा है, जिसे बढ़ाकर 6 लाख लीटर प्रतिदिन करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है। सरप्लस दूध को सुरक्षित रखने और सुखाने के लिए अब तक इसे हाजीपुर भेजना पड़ता था, जिससे परिवहन लागत अधिक आती थी। इस समस्या के समाधान के लिए डेहरी स्थित सुधा डेयरी परिसर में ही 30 मीट्रिक टन क्षमता का आधुनिक मिल्क पाउडर प्लांट स्थापित किया जाएगा। इससे समय और लागत दोनों की बचत होगी।
किसानों की आय के स्रोतों को और विविधता देने के वास्ते कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व फंड के सहयोग से एक अनूठी पहल शुरू की गई है। इसके तहत सुधा डेयरी परिसर के पास लगभग 200 बकरियों की क्षमता वाला एक आधुनिक गोट फार्म स्थापित करने की योजना पर काम शुरू हो चुका है, जो ग्रामीण पशुपालकों के लिए अतिरिक्त कमाई का एक शानदार जरिया बनेगा।
शहर के विकास और पशुपालकों की समृद्धि को लेकर एक बड़ा कदम उठाया गया है। जल्द ही शहर में टोटल मिक्स्ड राशन प्लांट स्थापित होने जा रहा है, जिससे पशुपालकों को उच्च गुणवत्ता वाला पशु आहार मिलेगा और पशुपालन को एक नई गति मिलेगी। इतना ही नहीं, आम जनता की सुविधा के लिए शहर के 15 प्रमुख स्थानों पर आधुनिक होल्डिंग मिल्क बूथ खोलने की तैयारी है। इसके लिए जमीन की सूची डीएम को सौंप दी गई है। एमडी ने बताया कि इन बूथों के जरिए लोगों को दिनभर सुधा के ताजा उत्पाद मिल सकेंगे। हाल ही में अधिकारियों की टीम ने प्लांट का निरीक्षण कर इन योजनाओं को जल्द से जल्द जमीन पर उतारने के निर्देश दिए हैं।