नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। मसौढ़ी अनुमंडल कारा में बुधवार को बंदी दरबार का आयोजन किया गया। दरबार की अध्यक्षता मसौढ़ी एसडीएम धनराज कुमार ने की। इस अवसर पर जेल उपाधीक्षक गौतम कुमार सहित अन्य जेल कर्मी उपस्थित रहे। बंदी दरबार के दौरान एसडीएम ने बारी-बारी से बंदियों की समस्याएं सुनीं। बंदियों ने भोजन, स्वास्थ्य सुविधा, मुलाकात, विधिक सहायता और जेल के अंदर की अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित अपनी परेशानियां रखीं।
एसडीएम ने कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया और शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। एसडीएम धनराज कुमार ने बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर बंदी को निःशुल्क विधिक सहायता, स्वास्थ्य जांच, परिवार से मुलाकात और मानवीय व्यवहार पाने का अधिकार है। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर वे जेल प्रशासन या जिला प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि बंदियों को सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं और उनके साथ मानवीय व्यवहार किया जाए। साथ ही जेल परिसर में साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और चिकित्सा सुविधा पर विशेष ध्यान देने को कहा। जेल उपाधीक्षक गौतम कुमार ने बताया कि बंदी दरबार का उद्देश्य बंदियों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है ताकि उनकी समस्याओं को समझा जा सके और समय पर समाधान किया जा सके। इस तरह के आयोजन से बंदियों में विश्वास बढता है, और जेल व्यवस्था में पारदर्शिता आती है।
इस मौके पर सहायक अधीक्षक आदित्य कुमार,डॉ विवेक कुमार सिंह, जमादार- द्विवेदी कमलेश शर्मा,सिपाही मुकेश कुमार, नरेश कुमार, मंटू कुमार,कंप्यूटर ऑपरेटर भोलानाथ कुमार, सत्यम कुमार, अमित कुमार, विकास कुमार आदी शामिल रहे