मुंबई से नवादा लौट रहा था परिवार, रतनुआ पेट्रोल पंप के पास जीटी रोड पर हुआ हादसा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 (जीटी रोड) पर गुरुवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी राजकुमार चौहान अपने परिवार के साथ मुंबई से नवादा लौट रहे थे। परिवार मुंबई से ट्रेन के जरिए वाराणसी पहुंचा था। इसके बाद वहां से स्कॉर्पियो वाहन से अपने गांव के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान औरंगाबाद में रतनुआ पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सवार राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय पुत्र रितेश कुमार और उनके ससुर भगवान दास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया गया।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से सलेमपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे ने परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।