मसौढ़ी में डिलीवरी देने जा रहा था, एक निरुद्ध बालक भी हिरासत में
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धनरुआ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 1.519 किलोग्राम गांजा के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके साथ एक निरुद्ध बालक को भी हिरासत में लिया है। कार्रवाई धनरुआ थाना क्षेत्र के बरनी स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप की गई।
गिरफ्तार धंधेबाज की पहचान सांडा निवासी पंकज कुमार, पिता संतोष चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके पास से 1.519 किलो गांजा के अलावा दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सांडा गांव से गांजा लेकर एक व्यक्ति मसौढ़ी की ओर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने बरनी स्थित पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की और आरोपित को पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गांजा तस्करी से जुड़े उसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है, ताकि इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।