पुरानी जीटी रोड एवं महाराजगंज रोड पर अतिक्रमण हटाने हेतु प्रशासन की सख्त कार्रवाई, दंडाधिकारी एवं पुलिस बल रहे तैनात
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने तथा आमजनों को जाम की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के उद्देश्य से आज जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा शहर में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत शहर के दो प्रमुख व्यस्ततम मार्गों—पुरानी जीटी रोड, रमेश चौक से सब्जी मंडी होते हुए अदरी नदी तक तथा महाराजगंज रोड, रमेश चौक से रामाबाँध बस स्टैंड तक सड़क एवं मुख्य मार्ग के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती में सड़क पर दुकान, ठेला अथवा अन्य माध्यम से यातायात बाधित करने वाले विक्रेताओं को मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि मुख्य मार्गों पर ठेला, अस्थायी दुकान अथवा किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को बाधित करने वालों के विरुद्ध विधि-सम्मत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा सभी फुटपाथी विक्रेताओं, ठेला चालकों एवं दुकानदारों से अपील की गई है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय करें तथा सड़क एवं मुख्य मार्ग को अतिक्रमणमुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
शहर को जाममुक्त, स्वच्छ एवं सुगम बनाना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। अतिक्रमण हटाने के उपरांत पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।