मदनपुर की एजेंसी को दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु 24 घंटे का समय
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी एवं मोटरयान निरीक्षक सुजीता कुमारी द्वारा जिले में वाहन विक्रय प्रतिष्ठानों की जांच हेतु विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत देव एवं मदनपुर स्थित दो मोटरसाइकिल एजेंसियों का निरीक्षण किया गया।
देव स्थित Hero मोटरसाइकिल एजेंसी के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रतिष्ठान का संचालन बिना ट्रेड लाइसेंस के किया जा रहा था तथा वहां से मोटरसाइकिलों की बिक्री भी की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान एजेंसी के स्टॉक में कुल 10 मोटरसाइकिलें पाई गईं। आवश्यक वैधानिक प्रावधानों का अनुपालन नहीं किए जाने के कारण उक्त एजेंसी को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
इसी क्रम में मदनपुर स्थित Universal Hero मोटरसाइकिल एजेंसी की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान एजेंसी के स्टॉक में कुल 38 वाहन पाए गए। जांच के दौरान संबंधित संचालक द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 24 घंटे का समय मांगा गया। इस पर उन्हें निर्धारित अवधि के भीतर सभी संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। दस्तावेजों की जांच के उपरांत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि बिना ट्रेड लाइसेंस के किसी वाहन विक्रय प्रतिष्ठान द्वारा वाहनों की बिक्री नहीं की जा सकती है। ऐसी स्थिति में वाहनों के बिना विधिवत पंजीकरण के सड़क पर परिचालन की संभावना बढ़ जाती है, जिससे सरकार को राजस्व की हानि हो सकती है। साथ ही, बिना पंजीकरण अथवा वैध दस्तावेजों के वाहनों के सड़क पर परिचालन से दुर्घटना की स्थिति में संबंधित वाहन एवं उसके स्वामी की पहचान करने में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है।
उन्होंने कहा कि वाहन विक्रेताओं द्वारा निर्धारित नियमों एवं वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया जाना अनिवार्य है। जिले में बिना लाइसेंस/अनुमति के वाहन विक्रय एवं संचालन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।