जिलाधिकारी ने सूर्यकुंड के विकास कार्यों को लेकर बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के अभियंताओं के साथ की बैठक
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में आज बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के अभियंताओं एवं पर्यटन प्रभारी अविनाश प्रकाश के साथ बैठक आहूत की गई। बैठक में सूर्यकुंड परिसर में चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सूर्यकुंड की सीढ़ियों एवं संपूर्ण कुंड परिसर में किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि कुंड की सीढ़ियों पर ग्रेनाइट स्टोन तथा संपूर्ण कुंड परिसर में रेड सैंडस्टोन का कार्य कराया जाए, ताकि परिसर को बेहतर एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि उक्त कार्य को एक माह के अंदर अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आगामी छठ पर्व के दौरान देव आने वाले छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने कहा कि सूर्यकुंड धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। परिसर का सुव्यवस्थित विकास एवं सौंदर्यीकरण होने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने के साथ-साथ सूर्यकुंड को पर्यटन स्थल के रूप में और बेहतर पहचान दिलाने में भी सहायता मिलेगी।