लड़की के प्रेमी ने पिता पुत्र में से एक को मारने हेतु डेढ़ लाख रुपए की दी थी सुपारी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अंबा (औरंगाबाद)। कुटुंबा थाना क्षेत्र के रसोईया गांव के समीप बारात निकालने जाने के दिन दूल्हे के पिता पर हुए जानलेवा हमला मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर एक शूटर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में की गई है जो पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहटा गांव का निवासी बताया जाता है।
पुलिस ने गुप्त सूचना पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे बिहटा बाजार स्थित उसके घर से गिरफ्तार करने की बात कही है। पुलिस इस गंभीर वारदात के मुख्य आरोपी जो दुल्हन का प्रेमी बताया जा रहा है उसे गिरफ्तार करने में सफल नहीं हुई ह। वह अब भी फरार बताया जा रहा है।पुलिस पूछताछ में जितेंद्र कुमार ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने इस दरम्यान चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया है कि दुल्हन के प्रेमी दिलीप कुमार ने उसे और उसके साथियों को डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी थी। उनका मकसद था कि शादी से पहले दूल्हे या उसके पिता की हत्या कर दी जाए ताकि विवाह रुक जाए। इसके एवज में 50 हजार रुपये एडवांस भी मिलने की बात बताई है।
जानकारी अनुसार घटना को अंजाम देने के लिए तीन अपराधी एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर कुटुंबा थाना क्षेत्र के चिंतावन बिगहा गांव पहुंचे थे। पहचान छिपाने के लिए कार के नंबर प्लेट पर मिट्टी पोत दी गई थी। पहले अपराधियों ने गांव में रेकी की वहां दूल्हा नहीं मिला। इसके बाद शादी वाले दिन उन्होंने रसोईया गांव के समीप दूल्हे के पिता सुनील पांडेय उर्फ अरुण पांडेय पर गोलीबारी की जो अपने रिश्तेदार के साथ बाजार से लौट रहे थे।
अपराधियों ने पहले उनकी स्कूटी में टक्कर मारकर उन्हें नीचे गिराया फिर गोली चला दी। गोली उनके सिर को निशाना बनाकर चलाई गई लेकिन वह बाईं आंख के नीचे जा लगी। गंभीर रूप से घायल सुनील पांडेय को पहले कुटुंबा रेफरल अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया गया।घटना की गंभीरता को देख औरंगाबाद पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। घटना के बाद शादी की रश्म रूक गयी और दूल्हे के घर में सनसनी व्याप्त है।