पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव को लेकर एनडीए का कार्यकर्ता एवं मतदाता संवाद कार्यक्रम आयोजित, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बिहारशरीफ। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर बिहारशरीफ के वियावानी स्थित जेपी कॉलेज में नालंदा विधानसभा क्षेत्र स्तरीय राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कार्यकर्ता एवं मतदाता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार एवं विधान परिषद की सचेतक रीना यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
बैठक में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों, मतदाताओं से संपर्क अभियान और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता, समन्वय और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव एनडीए के प्रत्याशी नीरज कुमार का व्यक्तिगत चुनाव नहीं, बल्कि हम सभी कार्यकर्ताओं का चुनाव है। इसे सभी कार्यकर्ता मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव में उम्मीदवार के साथ-साथ पार्टी के कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। पार्टी के कार्यकर्ता ही उम्मीदवार बनकर चुनाव लड़ते और जीतते हैं। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए चुनाव की तैयारियों में जुट जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव एनडीए के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ता मतदाता सूची का अध्ययन करें, स्नातक मतदाताओं को चिह्नित करें और उनसे लगातार संपर्क बनाए रखें। सरकार की उपलब्धियों तथा शिक्षा, रोजगार, विकास और युवाओं के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाएं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि मतदाताओं के साथ निरंतर संवाद भी जरूरी है। स्नातक मतदाता शिक्षित एवं जागरूक वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए उनके बीच तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।
मंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में शैक्षणिक माहौल तैयार हुआ है। राज्य के बजट में शिक्षा को प्राथमिकता देकर सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव की नींव रखी। आज बिहार के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई संस्थानों की स्थापना की गई है। अनुमंडल स्तर के साथ-साथ प्रखंड स्तर पर भी महाविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। पारा मेडिकल कॉलेज और तकनीकी शिक्षा के विस्तार के पीछे मुख्यमंत्री की दूरगामी सोच है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं स्नातकों के सम्मान की लड़ाई एनडीए लड़ रहा है। कार्यकर्ता अपने-अपने प्रखंडों और पंचायतों में स्नातक मतदाताओं को चिह्नित कर उनसे संपर्क करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराएं। चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि एक तरफ न्याय के साथ विकास और सुशासन का नीतीश मॉडल है, तो दूसरी ओर विपक्ष का पुराना चरवाहा मॉडल है। यह लड़ाई विकासवाद और जंगलराज की सोच के बीच है। चुनाव नजदीक आते ही कुछ लोग तरह-तरह के भ्रम फैलाने का प्रयास करेंगे। कार्यकर्ताओं को ऐसे भ्रमजाल से स्वयं बचना है और समाज के लोगों को भी जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि निशांत कुमार के साथ जुड़कर छात्र एवं युवा काफी उत्साहित हैं। उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। इसका लाभ गरीब, शोषित और वंचित वर्गों को मिल रहा है। अस्पतालों में लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल रही है। निशांत कुमार पार्टी के साथ-साथ बिहार के भविष्य हैं। उनके कार्यों से छात्र, युवा और महिलाएं आशान्वित हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और युवाओं को जोड़ने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि बिहार की सम्राट चौधरी सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। एनडीए सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री श्रवण कुमार ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी इंडिया गठबंधन की ओर से बिहार में हाई-वोल्टेज ड्रामा किया गया था। अब मतदाता सूची को लेकर भी बेबुनियाद बातें कही जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यदि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का कोई प्रमाण है तो उसे जनता के सामने प्रस्तुत किया जाना चाहिए। चुनाव हारने के बाद चुनाव आयोग पर सवाल उठाना उचित नहीं है। बिहार और बंगाल की जनता ने ऐसे मुद्दों पर अपना जवाब दिया है।
मंत्री ने आरोप लगाया कि झारखंड, कर्नाटक और तमिलनाडु में विपक्ष की सरकार बनने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाए जाते, लेकिन परिणाम अपने पक्ष में नहीं आने पर चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा किया जाता है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर रह चुके व्यक्ति को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने सोनिया गांधी से बिहार की जनता से माफी मांगने की मांग की।
सांसद कौशलेंद्र कुमार एवं विधान पार्षद रीना यादव ने भी कहा कि फर्जी आरोप लगाकर बयानबाजी करने से महागठबंधन को कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला है। जनता विकास और कार्यों के आधार पर अपना निर्णय लेती है। एनडीए सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं और शिक्षा से जुड़े वर्गों के हित में लगातार काम कर रही है।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से स्नातक मतदाताओं के बीच जनसंपर्क अभियान तेज करने और एनडीए की नीतियों एवं सरकार के कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में संगठन की सक्रियता और मतदाताओं से सीधा संवाद निर्णायक भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद, प्रदेश महासचिव संजयकांत सिन्हा, प्रदेश सचिव गुलरेज अंसारी, विजय प्रसाद, जिलाध्यक्ष मो. अरशद, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार, लोजपा (रामविलास) के सतेन्द्र मुकुट, धनंजय प्रसाद कुशवाहा, राकेश कुमार, जयराम सिंह, अरविंद पटेल, रजनीश ठाकुर, अमर सिंह राजपूत, निर्मल सिंह, सुंदर पासवान, आरती राजवंशी, महमूद बख्खो, जिला जदयू प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार देव, अमित कुमार रिक्की, अजय पटेल, मुन्ना कुमार, रेखा देवी, सुनील रविदास, सन्नी पटेल, राहुल रंजन कुशवाहा, संजीत यादव, संजीत पासवान, संजय कुशवाहा, प्रदीप मुखिया, निशु पटेल, डॉ. सुनील दत्त, शैलेन्द्र गराई, अर्णव आर्या, जितू मांझी, संतोष कुमार, जनार्दन चंद्रवंशी, रंजन सिंह, रामोतार पासवान, विजय कुमार सिंह, मो. मेराजुद्दीन, सुवेन्द्र राजवंशी, मुकेश सिंह, मिंटू चौधरी, रंजीत मुखिया, अजय पासवान, अजय ठाकुर, नीतीश पाण्डेय, जयन्त शर्मा, बिट्टू कुशवाहा, उमेश प्रसाद सहित सैकड़ों एनडीए कार्यकर्ता उपस्थित रहे।