सात स्कूलों के बच्चों ने लिया क्विज में भाग, गांधी वेशभूषा में पहुंचे विद्यार्थियों ने मोहा मन
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सर्व धर्म समभाव समिति, मसौढ़ी के तत्वावधान में गांधी मैदान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांधी जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण, स्वच्छता दूतों का सम्मान, विद्यार्थियों के बीच क्विज प्रतियोगिता तथा गांधीवादी मूल्यों को अपनाने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी, मसौढ़ी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद अध्यक्ष पिंकी देवी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर उपस्थित लोगों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव, सेवा और सामाजिक समरसता के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वच्छता दूतों को सम्मानित किया गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में स्वच्छता दूतों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं के बीच महात्मा गांधी के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन, सत्याग्रह, स्वदेशी और स्वच्छता जैसे विषयों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का संचालन शिक्षक पंकज कुमार सिंह ने किया, जबकि संतोष कुमार अनमोल स्कोरर की भूमिका में रहे। प्रतियोगिता में सात विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं तीन विद्यालयों के बच्चे गांधी जी की वेशभूषा में कार्यक्रम में पहुंचे, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने क्विज प्रतियोगिता के पहले राउंड के सवाल स्वयं पूछे और विद्यार्थियों को गांधी जी के सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि गांधी जी के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी को उनके विचारों से सीख लेने की जरूरत है।
नगर परिषद अध्यक्ष पिंकी देवी ने कहा कि गांधी जी के प्रयासों से मिली आजादी को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। समिति के संयोजक डॉ. एमके मंगल ने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों का विकास होता है।
कार्यक्रम में पलटन सिंह, सिंदर सिंह बग्गा, लालमोहन सिंह, रंजीत पटेल, प्रो. ललित मोहन प्रसाद, उपेंद्र बिंद, अरुण कुमार, राजबल्लभ प्रसाद, प्रो. योगेन्द्र प्रसाद, दीपक शर्मा, श्याम कुमार, अनिल सिंह, गुड्डू रंगरेज, लाला यादव, दिलीप कुमार, शहजाद, पिंटू रजक, गोल्डी पटेल, राजीव कुमार, महेंद्र सिंह अशोक, शबनम आरा सहित सैकड़ों लोग, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।