नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बाढ़ सुरक्षा सप्ताह 2026 के अंतर्गत आज जिला योजना भवन, औरंगाबाद में बाढ़ सुरक्षा संबंधी एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता मो. सादुल हसन खान के साथ अपर समाहर्ता जय प्रकाश नारायण, अपर समाहर्ता उपेन्द्र पंडित तथा सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी अंतरा कुमारी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का आयोजन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, औरंगाबाद के तत्वावधान में किया गया तथा इसका संचालन राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य संभावित बाढ़ आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आमजन को प्रशिक्षित एवं जागरूक करना था। मॉक ड्रिल के दौरान SDRF टीम द्वारा बाढ़ की स्थिति में बचाव कार्य, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, जीवनरक्षक उपकरणों के उपयोग तथा आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सजग रहने तथा आपदा के समय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मॉक ड्रिल से आपदा के समय बेहतर समन्वय स्थापित करने एवं जनहानि को न्यूनतम करने में सहायता मिलती है।
आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, बिहार अग्निशमन सेवा, कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, NCC, स्काउट एंड गाइड के बच्चे एवं अन्य प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।